News of Madhya Pradesh India
Hindi news portal of Bhopal. read regular fresh news of Bhopal, Indore, Gwalior, Jabalpur. whole state reporting with MP News Portal
13 April 2026
तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव का भव्य समापन

रायसेन: तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव का उत्साह, उमंग, नवाचार और हजारों किसानों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच सोमवार को भव्य समापन हुआ. किसानों के साथ कृषि बदलाव का नया संकल्प लिया गया. समापन सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने सड़क विकास, कृषि तकनीक, जल संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा और ग्रामीण समृद्धि का व्यापक विजन रखा. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मांग पर नितिन गडकरी की बड़ी सौगात, रायसेन रिंग रोड और सौंदर्यीकरण कार्यों को मंजूरी मिली. मेले में मशीनरी प्रदर्शन, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, हाइड्रोपोनिक्स, एक एकड़ खेती के मॉडल, बकरी पालन, मछली पालन के स्टाल लगे. दशहरा मैदान में उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का आयोजित हुआ. कृषि मेले में शामिल होने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पुलिस ने रास्ते में ही रोका.

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार्यक्रम को संबोधित किया. कहा वे इस कार्यक्रम में मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि किसान के रूप में आए हैं. किसान अब केवल अन्नदाता नहीं, ऊर्जा दाता, ईंधन दाता और हाइड्रोजन दाता भी बनेगा. एआई, ड्रोन, नैनो यूरिया और नवाचार से लागत घटेगी उत्पादन बढ़ेगा. जल संरक्षण, डेयरी, मत्स्य और प्रोसेसिंग से किसानों की आमदनी बढ़ेगी.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा यह समापन नहीं, नई शुरुआत है. रोडमैप को जमीन पर उतारेंगे. बीज से बाजार तक की योजना पर अमल के लिए टास्क फोर्स बनेगी. किसानों की तस्वीर और तकदीर बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.

समापन सत्र में किसानों को हितलाभों का वितरण भी किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर और हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने भी संबोधित किया. मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, श्री नारायण सिंह पवार, श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, विधायक सुरेन्द्र चौधरी, रमाकांत भार्गव, बासौदा विधायक हरि सिंह रघुवंशी, हरि सिंह सप्रे, मुकेश टंडन, गोपाल सिंह इंजीनियर, अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ, वरिष्ठ अधिकारी तथा हजारों किसान भाई-बहन उपस्थित रहे.

मध्य प्रदेश के रायसेन में 'उन्नत कृषि महोत्सव 2026' का भव्य शुभारंभ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम मोहन यादव और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुआ था. तीन दिवसीय यह आयोजन 11 से 13 अप्रैल तक चला. जिसमें देशभर से किसान, वैज्ञानिक और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया.